पंपलेट और कॉमिक्स बांटकर बताए सुरक्षा के उपाय मिशन शक्ति टीम द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को पंपलेट, कॉमिक्स और अन्य जागरूकता सामग्री
मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक
जन जन की आवाज़ न्यूज़ 24
रामपुर। मिशन शक्ति फेस-5.0 अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर शुक्रवार को जनपद रामपुर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। जनपद स्तरीय महिला सुरक्षा दल के साथ-साथ जिले के समस्त थानों की महिला सुरक्षा टीमों ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा एवं आत्मरक्षा के आवश्यक उपायों, कानूनी अधिकारों, नारी सम्मान से जुड़े प्रावधानों तथा विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई। टीमों ने 1090 महिला शक्ति हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा और 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन के उपयोग एवं कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया।
महिला सुरक्षा दल ने घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, ऑनलाइन उत्पीड़न जैसी घटनाओं के प्रति महिलाओं और बालिकाओं को सतर्क रहने तथा किसी भी परेशानी की स्थिति में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन अथवा पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। टीम द्वारा बताया गया कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस विभाग पूरी तरह गंभीर है और शिकायत मिलने पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
पंपलेट और कॉमिक्स बांटकर बताए सुरक्षा के उपाय
मिशन शक्ति टीम द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को पंपलेट, कॉमिक्स और अन्य जागरूकता सामग्री भी वितरित की गई। इसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, कानूनी प्रावधानों तथा उपलब्ध सुरक्षा सेवाओं की जानकारी सरल तरीके से उपलब्ध कराना रहा। टीम ने महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में चुप न रहें और तत्काल सहायता प्राप्त करें।
रिपोर्ट: रफीउल्लाह खान, रामपुर
जन जन की आवाज़ न्यूज़ 24





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें